छठ महापर्व: कोरोना के दो साल बाद लौटी रौकन

छठ महापर्व: कोरोना के दो साल बाद लौटी रौकन
कोरोनावायरस महामारी के लगभग दो वर्ष बाद छठ महापर्व का वैभव किसी वरदान की तरह लौट आया है। महामारी का लंबा सिलसिला उस पूरे समाज ने झेला है, जहां सूर्य उपासना का यह महापर्व शुरू हुआ और संसार में फैल गया। सूर्य उपासना का ऐसा कोई दूसरा व्रत-पर्व नहीं है, लेकिन सूर्य उपासना ही क्यों? सूर्य अगर एक ग्रह भी है, तो भी उसकी भौगोलिक, वैज्ञानिक उपयोगिता संसार में किसी भी अन्य ग्रह से कई गुना ज्यादा है। सूर्य को स्वास्थ्य का स्रोत माना गया है।
याद कीजिए, यह माना गया था कि भारत में सूर्य की कृपा से चूंकि खूब गरमी पड़ती है, इसलिए कोरोना वायरस ज्यादा कहर नहीं दिखा पाएगा। आंकडे़ गवाह हैं और व्यावहारिक रूप से भी पूर्वांचल का समाज कोरोना से कभी भी ज्यादा आतंकित नहीं हुआ।

निस्संदेह, नदियों और जलाशयों से समृद्ध इस समाज का सूर्य पर विश्वास अतुलनीय है। इसी का उत्कर्ष हम चार दिवसीय महापर्व छठ में निहारते हैं।

अनुपम श्रद्धा और आस्था के साथ पूर्वांचल के लोग सूर्य उपासना के लिए उमड़ पड़ते हैं। मुख्य रूप से निरोगी काया और लंबी आयु की कामना करते हैं। सूर्य अनादि काल से अक्षय ऊर्जा का स्रोत है और यह ऊर्जा तन-मन-धन का आधार है। लेकिन क्या छठ का पावन अवसर सबके लिए समान खुशियां लाता है? क्या हर कोई इस महापर्व में शामिल हो पाता है? क्या हर कोई इस पर्व पर अपने घर-गांव जा पाता है?

उदाहरण देखिए, छठ पूजा के समय पटना, गया, दरभंगा, बनारस जाने वाले हवाई जहाजों का किराया तीन गुना तक बढ़ गया है। गौर कीजिए, दिल्ली से पटना का किराया 17,800 रुपये और दिल्ली से वाराणसी का किराया 17,000 रुपये हो गया। उधर, एक दावा है कि छठ पर 84 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, नियमित गाड़ियों में भी कोई जगह नहीं है। सीट या बर्थ उपलब्ध कराने के लिए 56 नियमित ट्रेनों में 165 अतिरिक्त डिब्बे जोड़े गए हैं।

एक अनुमान है कि विशेष इंतजाम के बावजूद तीन से चार लाख लोगों का ही बिहार पहुंचाना संभव होगा। क्या इतना पर्याप्त है? अकेले दिल्ली की आबादी लगभग दो करोड़ है, तो इसमें अकेले बिहार के लोगों की संख्या पचास लाख से ज्यादा होनी चाहिए। पूर्वांचली तो साठ लाख से ज्यादा हैं। अगर एक तिहाई लोग भी छठ पर घर जाना चाहें, तो क्या उन्हें ले जाना संभव है? दो गुना से तीन गुना किराया गवाह है कि बहुत लोग घर-गांव नहीं जा पाएंगे। यह महापर्व बहुत विशाल है, लेकिन इसके लिए हमारी सरकारों के पास पर्याप्त योजना या चिंता नहीं है।

गंगा किनारे छठ करने वाले उस यमुना को कैसे अपनाएंगे, जिसमें पानी नहीं, जहर-सा झाग बहता है? यह महापर्व बिहार और बिहारियों के विकास के बारे में सोचने का भी समय है। पूर्वांचल का विकास अगर न हुआ, तो यह सस्ते श्रमिकों का बाड़ा ही बना रहेगा। बिहार आज जरूरी भी है और अनेक लोगों की आंखों की किरकिरी भी। यहां बेहतर व्यवहार की उम्मीद गलत नहीं है। खैर, यह जो टे्रनों में किराये का नया सिस्टम है, उसकी सर्वाधिक कीमत पूर्वांचल के लोग ही चुकाते हैं।

हवाई किराये के मामले में मांग के मुताबिक बढ़ते किराये की व्यवस्था पुरानी है और अब रेलवे ने भी इसे कमोबेश अपना लिया है। सवाल उठता है, क्या यह व्यवस्था सही या न्यायपूर्ण है? भारत जैसे कल्याणकारी राज्य में सरकारों को सदैव सचेत रहना चाहिए कि जरूरत पड़ने पर किसी का भी दिल न दुखे, शोषण न हो। सीखना चाहिए सूर्य देव से, जो कभी किसी से कोई भेद नहीं करते, सबको समान ऊर्जा देते हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आईटीआई के कर्मचारियों द्वारा वेतन भुगतान सहित पे लेवल एवं पदनाम परिवर्तन हेतु काला फीत्ता बांधकर कार्य किया

आर्थिक अपराध इकाई की बड़ी कार्रवाई: ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के चार ठिकानों पर छापेमारी

कला एवं संस्कृति विभाग, बिहारपटना कला संवाद’ बनेगा कला प्रेमियों और विभाग के बीच संवाद का माध्यम: डॉ. प्रमोद कुमार